मामूली विवाद में अध्यापक सहित 2 की हत्या
घटनाक्रम के अनुसार जनपद के चरथापल थाना क्षेत्र के बघाई कंला गांव में सुबह 10 बजे के करीब गोलियों की आवाज से अचानक ही गांव में तनाव हो गया। 40 वर्षीय अध्यापक मुकेश कुमार अपने घर में एक दीवार का निर्माण करा रहा था तभी कुछ ईंट बराबर वाले पड़ोसी के घर में जा गिरी। इससे दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई फिर तनाव उत्पन्न हो गया।
आरोप है कि कुछ समय बाद गांव के ही उदयवीर सिंह के भतीजे अमरवीर व अन्य व्यक्ति हथियार लेकर मास्टर मुकेश की ओर बढ़े। उसने भी अपने घर की छत पर चढ़कर बदूंक से फायर किए। दोनों ओर से चली गोली में मुकेश की गोली लगने से मौत हो गई, वहीं अमरवीर की भी गोली लगने से मौत हो गई।
गौरव सहित दूसरे पक्ष के दो घायलों को उपचार हेतु मेरठ रेफर किया गया है। अमरवीर पूर्व प्रधान ब्रजवीर का लड़का था जो बसपा नेता व रोहना गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन उदयवीर सिंह का भाई है।
कुछ लोगों ने घटना के बाद मृतक अध्यापक के मकान पर आधुनिक हथियारों से हमला कर क्षति पहुंचाई। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने गांव का दौरा किया। गांव में दो युवकों की हत्या के बाद तनाव व्याप्त है। पुलिस ने दोनों पक्षों से मुकदमा कायम करने हेतु तहरीर ले ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications