विदेश सचिव के अमेरिकी दौरे में पाक, अफगान संबंधी मुद्दों को प्रमुखता (लीड-1)

वाशिंगटन, 17 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान को भारत के खिलाफ आतंकवाद रोकने की कड़ी चेतावनी के साथ विदेश सचिव निरुपमा राव ने अमेरिकी प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ पिछले महीने पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशर के साथ हुई वार्ता और पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान की स्थिति पर चर्चा की।

अन्य नेताओं के अलावा राव ने अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, विदेश उप मंत्री (राजनीतिक मामले) विलियम बर्न्‍स और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल जेम्स जोंस के साथ मुलाकात की।

राव और बशीर ने 25 फरवरी को नई दिल्ली में मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान भारतीय पक्ष ने देश में हुए कई आतंकवादी हमलों से जुड़े साक्ष्यों के संबंध में तीन दस्तावेज पाकिस्तान को दिए थे। भारत ने सीमा पार से आतंकवाद बढ़ाव देने के मामले में कार्रवाई कर पाकिस्तान से आपसी विश्वास का माहौल कायम करने को कहा था।

यह बैठक बिना किसी परिणाम के समाप्त हो गई थी। भारत ने स्पष्ट कर दिया था कि इस समय समग्र वार्ता को बहाल नहीं किया जा सकता। बहरहाल दोनों पक्षों ने एक दूसरे के संपर्क में रहने पर सहमति जताई थी।

भारतीय अधिकारियों ने कहा कि राव ने अमेरिकी अधिकारियों को पाकिस्तान के साथ क्षेत्रीय मुद्दों पर हुई वार्ता से अवगत कराया।

अफगानिस्तान को क्षेत्र की सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती बताते हुए राव ने भारत का पुराना रुख दोहराते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को अफगानिस्तान में लंबे समय तक और जब तक आवश्यक हो बने रहना चाहिए।

भारतीय अधिकारियों ने कहा कि अमेरिकी वार्ताकारों ने अफगानिस्तान में भारत द्वारा किए गए विकास कार्यो की सराहना की।

भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि राव की अमेरिकी अधिकारियों से वार्ता से रक्षा, परमाणु ऊर्जा, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, कृषि, शिक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग तथा रणनीतिक वार्ता में हुई प्रगति की समीक्षा का अवसर उपलब्ध हुआ।

हिलेरी क्लिंटन की जुलाई 2009 में हुई भारत यात्रा के दौरान रणनीतिक संवाद की शुरुआत हुई थी। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के पहले दौर की रणनीतिक वार्ता के लिए शीघ्र ही अमेरिका का दौरा करने की उम्मीद है।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलीप जे.क्राउले ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि क्लिंटन-राव वार्ता भारत के साथ जारी रणनीतिक वार्ता का हिस्सा है।

राव ने अमेरिकी विदेश उप मंत्री (रक्षा विभाग नीति) मिशेल फ्लोर्नी, विदेश उप मंत्री (आर्थिक मामले) रॉबर्ट हॉरमट्स और विदेश उप मंत्री (वैश्विक लोकतंत्र मामले) मारिया ओटेरो से मुलाकात की।

इसके अलावा राव ने हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के डेमोक्रेट सदस्य गैरी एकरमैन और स्वतंत्र सीनेटर जोसेफ लिबरमैन से मुलाकात की।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+