प्रायोजित समाचारों को चुनावी धांधली घोषित किया जाए : पार्टियां
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया और भारतीय वूमेन्स प्रेस कॉर्प्स की ओर से प्रायोजित खबरों पर आयोजित एक संगोष्ठी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज (भाजपा), माकपा महासचिव प्रकाश करात और कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने इस कदाचार पर रोक लगाने के लिए कदम उठाए जाने की मांग की।
करात ने प्रायोजित खबरों को चुनावी धांधली घोषित करने की मांग की। करात ने कहा कि मीडिया द्वारा आत्म नियमन इस समस्या को हल करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा। करात के इस सुझाव का अन्य दोनों पार्टियों ने समर्थन किया।
करात ने कहा, "प्रायोजित खबरों को चुनावी धांधली घोषित किया जाना चाहिए। यदि वर्तमान कानून इसकी इजाजत नहीं देते तो कानून में उचित बदलाव किए जा सकते हैं।" करात ने कहा कि चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता इस समस्या का समाधान नहीं है।
सुषमा स्वराज ने कहा कि प्रायोजित खबरों को चुनावी कदाचार घोषित करने के लिए कानून में संशोधन की जरूरत होगी।
मनीष तिवारी ने कहा कि प्रेस की आजादी और प्रेस के मालिक की आजादी के बीच स्थित विरोधाभास को दूर करने की आवश्यकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications