उड़ीसा में मिसाइल परीक्षण स्थगित (लीड-1)
भुवनेश्वर, 14 मार्च (आईएएनएस)। उड़ीसा में मिसाइल-रोधी मिसाइल का रविवार को होने वाला परीक्षण स्थगित कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा है कि इलाके से फौरी तौर पर हटाए गए लगभग 3,000 लोग अपने घरों को लौट आए हैं।
एडवांस्ड एयर डिफेंस मिसाइल (एएडी) को भद्रक जिले के धर्मा तट पर व्हीलर द्वीप से दागे जाने की योजना थी। यह बालासोर जिले के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से आने वाली मिसाइल को नष्ट करने वाली था।
इस परीक्षण के मद्देनजर प्रशासन ने परीक्षण रेंज के दो किलोमीटर के दायरे में आने वाले छह गांवों से लगभग 3,000 लोगों को हटा दिया था।
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि परीक्षण को स्थगित किए जाने की घोषणा के बाद ग्रामीण अपने घरों को लौट आए हैं।
इसके पहले इलाके में कानून और व्यवस्था कायम रखने तथा अनधिकृत लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए दो गश्ती इकाइयों को भी तैनात किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications