गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद में पकड़ा संदिग्ध आतंकी
गांधीनगर, 14 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस ने रविवार को एक संदिग्ध आतंकी को पकड़ने का दावा किया है जो राज्य के युवाओं को गुमराह कर पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में चल रहे आतंकी शिविरों में प्रवेश कराने के अभियान में जुटा था।
राज्य के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) के प्रमुख और पुलिस उप महानिरीक्षक अजय तोमर ने बताया कि 32 वर्षीय बशीर अहमद बाबा को अहमदाबाद में उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह शहर के विभिन्न इलाकों की टोह ले रहा था।
तोमर ने बताया कि पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी बशीर कम्प्यूटर में डिप्लोमा कर चुका है और श्रीनगर के किमाया फाउंडेशन का कर्मचारी भी रह चुका है। किमाया फाउंडेशन होंठ विकृति को सही करने वाला एक चिकित्सा केंद्र है।
तोमर ने कहा, "20 फरवरी में अहमदाबाद आने के बाद बशीर इसरो, कांकरिया, लॉ गार्डेन, आनंद, दभोई और कई अन्य जगहों का सर्वे कर चुका था।"
तोमर के मुताबिक बशीर के पास से दस्तावेज और सिमकार्ड बरामद किया गया है जिसकी जांच चल रही है।
मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि बशीर ने स्वीकार किया है कि वह सीमा पार जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को 15,000 रुपये दे रहा था। उसने बताया कि अभी तक लगभग 3,000 लोगों को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में चल रहे आतंकी शिविर शेरा में प्रशिक्षण दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications