हसीना के बीजिंग एजेंडे में होगा तेल अन्वेषण और व्यापार
ढाका, 14 मार्च (आईएएनएस)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना बुधवार को बीजिंग दौरे पर जा रही हैं। इस दौरान बंगाल की खाड़ी में हाइड्रोकार्बन की दौड़ में चीन को शामिल करना और द्विपक्षीय व्यापार में आई दूरियों को पाटना उनके एजेंडे में सर्वोपरि होगा।
हसीना के पांच दिवसीय बीजिंग दौरे के दौरान उनके साथ 87 सदस्यीय शिष्टमंडल होगा, जिसमें व्यापारी भी शामिल होंगे।
समाचार पत्र डेली स्टार के अनुसार उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा है कि अधिकारी कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
हसीना ने जनवरी महीने में अपने नई दिल्ली दौरे के दौरान पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किया था। चीन के साथ चार समझौते होने तय हैं।
हसीना चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के साथ 18 मार्च को द्विपक्षीय बातचीत करेंगी।
दोनों देशों के बीच एक उर्वरक कारखाने का निर्माण, बांग्लादेश के तेल और गैस कुओं में चीनी निवेश तथा चीन से 80 करोड़ डॉलर की ऋण माफी जैसे समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications