विदेशों में 20 अरब डॉलर का निवेश करेगी ओएनजीसी
दाहेज (गुजरात), 14 मार्च (आईएएनएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की नामी ऊर्जा कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) विदेशों में अगले दशक में 20 अरब डॉलर (90,000 हजार करोड़ रुपये) का निवेश करेगी।
ओएनजीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर. एस. शर्मा ने कहा, "विदेशी परियोजनाओं के लिए कर्ज लेने की हमारी क्षमता 20 अरब डॉलर तक है।"
हाइड्रोकार्बन अन्वेषण एवं उत्पादन कंपनी ओएनजीसी का विदेश में 10 अरब डॉलर का निवेश है जिसमें सबसे ज्यादा निवेश रूस के सखालिन में 5 अरब डॉलर का है।
विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) के ओएनजीसी पेट्रो-एडीशंस लिमिटेड (ओपाल) की प्रगति की समीक्षा के लिए यहां आए शर्मा ने रूस, कजाकिस्तान, सूडान, नाइजीरिया और अन्य देशों में कंपनी की परियोजनाओं से प्राप्त होने वाले राजस्व पर संतोष जताया।
उन्होंने कहा कि नीति निर्माताओं को पूंजी निवेश को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि दुनिया की 17 फीसदी आबादी भारत में रहती है जबकि विश्व के कुल हाइड्रोकार्बन भंडार में हमारी हिस्सेदारी सिर्फ 0.5 फीसदी है।
शर्मा ने कहा, "आने वाले दिनों में देश की ऊर्जा मांग में इजाफा होगा, इस बात को ध्यान में रखकर हमें भविष्य के लिए योजना बनानी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications