महिला विधेयक 'अंतर्राष्ट्रीय साजिश' : मुलायम
महिला आरक्षण विधेयक के प्रखर विरोधियों में शुमार मुलायम ने लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "महिला आरक्षण विधेयक आखिरकार भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करेगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार उन लोगों के हाथों में खेल रही है, जो भारतीय लोकतंत्र की रीढ़ को तोड़ना चाहते हैं।"
उन्होंने कहा, "प्रत्येक चुनाव में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित होंगी। इसका मतलब संसद में 80 से 85 फीसदी महिलाओं को भेजना है।"
इस परिस्थिति को 'खतरे की घंटी' बताते हुए मुलायम सिंह ने कहा, "आप कल्पना कीजिए कि देश का क्या होगा, जब इसका नेतृत्व अनुभवहीन हाथों में होगा और वह भी उस समय जब हमारी सीमा पर चीन और पाकिस्तान नापाक इरादों के साथ घात लगाए बैठे हैं। "
सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि महिला आरक्षण विधेयक की वजह से अल्पसंख्यक समुदाय, जनजाति और पिछड़े वर्ग की महिला सदस्य संसद और विधानसभाओं में प्रवेश से वंचित रह जाएंगी।
उन्होंने कहा कि वह महिला विधेयक के खिलाफ नहीं हैं बल्कि वह सिर्फ इसके मौजूदा स्वरूप का विरोध कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications