भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री
स्मिथ बुधवार को विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा से मुलाकात करेंगे। इस दौरान कई द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों की सुरक्षा के मसले पर भी बातचीत होगी। इससे पहले जनवरी के आखिर में दोनों की लंदन में मुलाकात हुई थी।
मंगलवार को स्मिथ सबसे पहले वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच आर्थिक संबंध बढ़ाने और भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की संभावनाएं तलाशने पर बातचीत होने की उम्मीद है।
इसके बाद रात को स्मिथ भारत के मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल के साथ विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत-ऑस्ट्रेलिया का मैच देखेंगे, जिसे 'दोस्ताना मैच" का नाम दिया गया है।
स्मिथ ने मेलबर्न में कहा, "ऑस्ट्रेलिया में पढ़ने वाले भारतीयों की सुरक्षा और पढ़ाई के लिए उन्हें बेहतर माहौल मुहैया कराने के अपने प्रयासों की हम भारत सरकार को जानकारी देंगे।" उन्होंने कहा कि पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया में कुछ भारतीयों को तकलीफ उठानी पड़ी। इस समस्या का समाधान ढूंढ़ने की दिशा में वह कृष्णा से चर्चा करेंगे।













Click it and Unblock the Notifications