सेना के स्विमिंग पूल से 15 मृत बंदर बरामद
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिग जिले में मंगलवार को एक स्विमिंग पूल में रहस्यमय परिस्थितियों में 15 बंदर मृत पाए गए। एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने बताया कि सिलीगुड़ी उप प्रखंड के बांगडुबी इलाके में यह घटना हुई। भारतीय सेना के एक स्विमिंग पूल से बंदरों के ये शव बरामद किए गए।
राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक अतनु राहा ने बताया, "सेना के जवानों ने मंगलवार सुबह इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद हमने अपनी टीम मौके पर भेजी। हमारे अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि सेना के जवान भी जांच में वन अधिकारियों की मदद कर रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि वन विभाग के अधिकारी जांच कर रहे हैं कि बंदरों ने जहर खाया था या किसी अन्य बीमारी की वजह से उनकी मौत हुई। राहा ने कहा, "यह घटना सचमुच चौंकाने वाली है। राज्य के किसी भी हिस्से में ऐसी घटनाएं पहले कभी नहीं हुई हैं। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए बंदरों का शव पोस्ट-मार्टम के लिए भेजा गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications