चंद्रयान-1 ने चांद के उत्तरी ध्रुव पर बर्फ का पता लगाया
वाशिंगटन, 2 मार्च (आईएएनएस)। भारत के महत्वाकांक्षी चंद्रयान-1 अंतरिक्षयान ने अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी, नासा की मदद से चांद के उत्तरी ध्रुव पर बड़ी मात्रा में बर्फ का भंडार खोज निकाला है।
इस अभियान से जुड़े नासा के वैज्ञानिकों का मानना है कि चंद्रयान-1 की मदद से चांद के उत्तरी ध्रुव पर कम से कम 60 करोड़ मिट्रिक टन बर्फ का भंडार होने का पता लगाया गया है।
चंद्रयान ने नासा के मिनी-एसएआर नाम के हल्के आकार के राडार की मदद से इस खोज में सफलता हासिल की है। वैज्ञानिकों का दावा है कि चांद पर 40 ऐसे छोटे आकार के क्रेटरों का पता लगाया गया है, जो बर्फ से भरे हैं। इन क्रेटरों का व्यास दो से 15 किलोमीटर तक है।
मिनी-एसएआर से जुड़े प्रमुख वैज्ञानिक पॉल स्पडिस ने बताया कि चंद्रयान-1 से मिले आंकड़े चांद को हमारे लिए और महत्वपूर्ण बनाते हैं। बकौल स्पडिस, "चांद हमारे लिए हमेशा से कौतूहल का विषय रहा है। चंद्रयान-1 से मिले आंकड़ों से इसके प्रति हमारे कौतूहल में और वृिद्ध हुई है।"
मिनी-एसएआर की मदद से चंद्रयान-1 द्वारा जुटाए गए आंकड़ों पर इस बात को लेकर बल मिला है कि इससे पूर्व नासा द्वारा खोज के माध्यम से चांद पर पानी होने के दावे सही हैं। नासा ने कहा कि चांद पर कई स्वरूपों में पानी मौजूद हो सकता है।
नासा का कहना है कि मिनी-एसएआर और चंद्रयान-1 द्वारा खोजे गए पानी के स्रोत इससे पहले उसके राडार द्वारा इसलिए नहीं पकड़े जा सके क्योंकि बर्फ की परत पर मिट्टी और धूल की परत चढ़ी हुई मालूम होती है। यही कारण है कि नासा अब तक चांद पर पानी होने के अपने दावों की पुष्टि नहीं कर रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications