पाकिस्तान को सईद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए : चिदंबरम
नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने पाकिस्तान के उस रुख की मंगलवार को निंदा की है, जिसके तहत उसने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) प्रमुख हाफिज सईद को भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान देने की छूट दे रखी है।
चिदंबरम ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हम मुंबई हमले में हाफिज सईद की भूमिका को लेकर बिल्कुल स्पष्ट हैं। उसकी इस भूमिका की जांच जरूरी है। कोई भी जिम्मेदार सरकार इस सूचना पर कार्रवाई करेगी। लेकिन पाकिस्तान सरकार ने सईद की भूमिका की जांच करने के बदले उसे भड़काऊ बयान देने की छूट दे रखी है।"
चिदंबरम अपने मंत्रालय की मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे थे।
चिदंबरम ने कहा कि भारत उम्मीद करता है कि पाकिस्तान उन आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, जिनके नाम विदेश सचिव स्तर की वार्ता के दौरान नई दिल्ली द्वारा सौंपे गए तीन दस्तावेजों में दर्ज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications