हनीमून पर गए पति ने पत्नी को चट्टान से धक्का दिया
सिमरनजीत कौर नामक महिला की मौत के एक सप्ताह बाद मंगलवार को शिमला जिले में उसका शव बरामद किया गया जबकि उसके आरोपी पति सिमरनपाल सिंह भुल्लर को सोमवार को हरियाणा के पंचकुला से गिरफ्तार कर लिया गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक आनंद धीमान ने आईएएनएस से कहा, "आरोपी भुल्लर की सूचनाओं के आधार पर महिला का शव शिमला के छारबरा के निकट हसन घाटी में बरामद किया गया।"
धीमान ने बताया कि दोनों के बीच 22 फरवरी को किसी बात पर लड़ाई हुई और भुल्लर ने अपनी पत्नी को चट्टान से धक्का दे दिया। इसके बाद वह वहां आधे घंटे से ज्यादा देर तक बैठा रहा ताकि यह सुनिश्चित हो जाए कि उसकी पत्नी की मौत हुई है या नहीं।
दंपति पंजाब के फिरोजपुर जिले के रहने वाले थे और दोनों की शादी इसी साल 10 जनवरी को हुई थी। दोनों 22 फरवरी को हनीमून मनाने शिमला पहुंचे थे और यहां से 13 किलोमीटर दूर कुफरी में रुके थे।
होटल में कमरा लेने के बाद दोनों छारबरा में पर्यटक स्थलों के भ्रमण के लिए गए, जहां यह हादसा हुआ।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पत्नी को मारने के बाद वह चण्डीगढ़ भाग गया। उसके परिवार की शिकायत के आधार पर उसे सोमवार को पंचकुला से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि महिला की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications