युगांडा में भूस्खलन से 300 लोगों के मरने की आशंका
कम्पाला, 2 मार्च (आईएएनएस)। युगांडा के माउंट इलगॉन में भारी बारिश से हुए भूस्खलन में करीब 300 लोगों के मरने की आशंका है। यहां के गांव माउंट इलगॉन की ढलानों पर स्थित हैं और इन्हीं गांवों से होकर बारिश का पानी बह रहा था।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पूर्वी बुडुडा के जिला प्रमुख विल्सन वाटिरा ने बताया कि नमेति, क्यूबिवो और नान्कोब गांवों में सारी रात कीचड़ और पत्थर घरों व स्वास्थ्य केंद्रों से टकराते रहे।
वाटिरा ने बताया कि बचावकर्मियों ने 40 से 50 के बीच शव निकाल लिए हैं लेकिन उन्हें मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा, "हमारा अनुमान है कि 300 लोगों की मौत हुई है। जैसा कि मैंने कहा, हम लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। सभी घर कीचड़ और पत्थरों में दबे हुए हैं और हमारे पास उत्खनक न होने की वजह से उनको बाहर निकालना बेहद मुश्किल है।"
आपदा स्थल पर पहुंचे उत्तरी प्रांत के मंत्री डेविड वाकिकोना का कहना है कि कम से कम 10,000 लोग विस्थापित हो गए हैं।
इलगॉन और देश के दूसरी ओर स्थित रूवेनजोरी में अक्सर भारी बारिश के बाद भूस्खलन होता है लेकिन हाल के समय की यह सबसे गंभीर घटना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications