रूस ने कृत्रिम मंगल मिशन के लिए 11 लोगों की सूची की तैयार
मॉस्को, 2 मार्च (आईएएनएस)। रूस के 'इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल एंड बायोलॉजिकल प्रॉब्लम्स' ने 520 दिनों के कृत्रिम मंगल ग्रह अभियान में हिस्सा लेने वाले 11 लोगों का चुनाव कर उनकी एक सूची तैयार कर ली है।
इंस्टीट्यूट के एक प्रवक्ता ने बताया कि ये 11 प्रतिभागी अंतरिक्ष में उड़ान का एक आधारभूत प्रशिक्षण पूरा करेंगे। बसंत ऋतु में इनमें से छह लोग प्रयोग में हिस्सा लेंगे। यह प्रयोग लाल ग्रह की यात्रा की पूरी नकल होगी। इसमें 250 दिन की मंगल ग्रह पर पहुंचने की अवधि, 30 दिन के लिए ग्रह की सतह पर ठहरने की अवधि और 240 दिनों की वापसी यात्रा की अवधि शामिल होगी।
इसमें शामिल होने वाले प्रतिभागियों की उम्र 25-30 वर्ष निर्धारित की गई है। वे उच्च शिक्षा प्राप्त और रूसी व अंग्रेजी भाषा का ज्ञान रखते हैं।
करीब दो साल तक अलगाव में रहने के बाद इन प्रतिभागियों को एक वास्तविक अंतरिक्ष उड़ान जैसी स्थितियों का एहसास होगा लेकिन इसमें वह विकिरणों और भारहीनता का अनुभव नहीं करेंगे।
यह कृत्रिम मिशन अप्रैल के आखिर में शुरू होगा।
इससे पहले इंस्टीट्यूट मंगल ग्रह के लिए 105 दिवसीय कृत्रिम यात्रा का आयोजन कर चुका है। यह यात्रा जुलाई में समाप्त हुई थी। इसमें शामिल होने वाले प्रतिभागियों को एक प्रयोगशाला में तीन महीने तक एक अंतरिक्ष यान जैसे ही स्थितियों में रखा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications