अमेरिका में रोजगार विधेयक ने सीनेट में महत्वपूर्ण बाधा पार की
वाशिंगटन, 23 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका में रोजगार पैदा करने के लिए 15 अरब डॉलर के प्रोत्साहन पैकेज विधेयक ने सोमवार को सीनेट में एक महत्वपूर्ण बाधा पार कर ली। यह पिछले एक वर्ष से इस मुद्दे पर जारी गतिरोध के सुलझने का संकेत है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सीनेट में 62-30 केबहुमत से विधयेक पर बहस बंद कराने का फैसला हुआ। डेमोक्रेटिक पार्टी के 57 सदस्यों के साथ रिपब्लिकन पार्टी के पांच सदस्यों ने 'क्लॉटर' प्रस्ताव के पक्ष में वोट दिया। इस प्रस्ताव को पारित होने के लिए 100 सदस्यीय सीनेट में 60 मतों की आवश्यकता होती है।
सीनेट के रोजगार विधेयक में कंपनियों को नियुक्तियां करने के लिए करों से छूट देने का प्रावधान है। अमेरिका में बेरोजगारी की दर इस समय 9.7 प्रतिशत है जो पिछले 25 वर्षो में सबसे अधिक है।
छह महीने से अधिक समय से बेरोजगार व्यक्ति को नौकरी पर रखने वाले नियोक्ताओं को करों में 5,000 डॉलर की छूट दी जाएगी। इस विधेयक में आधारभूत ढांचा निर्माण क्षेत्र में कुछ संघीय सहायताओं को भी बढ़ाने का प्रावधान है। विधेयक को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का समर्थन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications