भारत-पाक वार्ता में तीसरे देश के लिए जगह नहीं : एंटनी
संसद भवन परिसर में पत्रकारों से वार्ता में एंटनी ने कहा, "हमारी वार्ता में किसी तीसरे देश के लिए कोई स्थान नहीं है। यह सिर्फ द्विपक्षीय वार्ता होगी।"
एंटनी पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी द्वारा पिछले दिनों चीन में दिए गए उस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें कहा गया था कि भारत-पाक वार्ता के बीच मध्यस्थता करने के मामले में चीन को पूरी आजादी है।
कुरैशी ने कहा था, "यह भारतीयों पर निर्भर करता है कि उन्हें बतौर तीसरे देश चीन की मध्यस्थता से कोई दिक्कत तो नहीं है।"
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को दोनों देशों के बीच सचिव स्तरीय वार्ता आरंभ हो रही है। मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के बाद दोनों देश के बीच वार्ता बंद हो गई थी।
विदेश सचिव सलमान बशीर के नेतृत्व में सात सदस्यीय पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल बुधवार शाम भारत पहुंचेगा। उसी दिन शाम के वक्त बशीर कश्मीर के हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। इसका नेतृत्व मीरवाइज उमर फारुक करेंगे। दोनों देशों के बीच औपचारिक वार्ता गुरुवार को हैदराबाद हाउस में आरंभ होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications