पुणे बम धमाके के बाद दिल्ली के यहूदी प्रार्थना गृह में सन्नाटा
दक्षिण दिल्ली स्थित जूडाह ह्याम प्रार्थना गृह के मानद सचिव और यहूदी धर्मगुरु इजेकील इस्साक मालेकर ने आईएएनएस से कहा, "आमतौर पर यहां रोजाना लोग आते हैं लेकिन शनिवार को पुणे में हुए बम धमाके के बाद से यहां कोई नहीं आया। "
उन्होंने कहा, "हम लोग यहां की सुरक्षा का हालांकि पूरा ध्यान रखते हैं और लोगों की पहचान जानने के बाद ही प्रवेश की अनुमति देते हैं।"
पुणे के कोरेगांव पार्क के एक यहूदी प्रार्थना सभा के निकट स्थित जर्मन बेकरी में शनिवार को हुए बम धमाके में 10 लोग मारे गए और करीब 60 घायल हुए।
मुंबई आतंकी हमले के बाद ही यहूदियों के मन आशंकित हो गये थे, पुणे बम धमाके के बाद यह डर और बढ़ गया है।
मालेकर के अनुसार, भारत में करीब पांच हजार यहूदी रहते हैं जिनमें चार हजार मुंबई में हैं। मुंबई हमले के दौरान भी यहूदी प्रार्थना गृह निशाने पर था।
दिल्ली में यहूदी समुदाय के 10 परिवार और 200 राजनयिक रहते हैं।
मालेकर कहते हैं कि मुंबई आतंकी हमले के बाद प्रत्येक शुक्रवार को विशेष प्रार्थना सभा के समय प्रार्थना गृह के चारों तरफ पुलिस सुरक्षा रहती है।
वह कहते हैं कि पुणे धमाके के बाद लगने लगा है कि यहां की सुरक्षा अपर्याप्त है क्योंकि पुलिस के जवानों के पास हथियार भी नहीं होते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications