फ़िल्म की रिलीज़ अभी भी अनिश्चित
शुक्रवार को पूरे देश में रिलीज़ हो रही शाहरूख़ ख़ान की बहुचर्चित फ़िल्म ‘माई नेम इज़ ख़ान’ मुंबई में रिलीज़ होगी या नहीं इसे लेकर अभी भी अनिश्चितता का माहौल है.
महाराष्ट्र के मुख्य मंत्री अशोक चव्हाण ने शिवसेना की धमकियों के ख़िलाफ़ सुरक्षा का आश्वासन दिया है लेकिन मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के मालिक अभी भी किसी फ़ैसले पर नहीं पहुंचे हैं.
फ़िल्म के निर्देशक करन जौहर ने कहा है कि फ़िल्म मुंबई समेत हर जगह रिलीज़ होगी.
सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट ट्विटर पर उन्होंने लिखा है, फ़िल्म की रिलीज़ में कोई बदलाव नहीं है. कृपया अफ़वाहों पर यकीन नहीं करें.’’
मुख्यमंत्री चव्हाण ने पत्रकारों से कहा है कि सरकार सुरक्षा की गारंटी लेती है लेकिन वो सिनेमा मालिकों को फ़िल्म दिखाने के लिए बाध्य नहीं कर सकती.
उनका कहना था, सरकार फ़िल्म के प्रचार के लिए नहीं है, सरकार की चिंता क़ानून व्यवस्था बनाए रखने की है. हमने सुरक्षा मुहैया कराकर अपनी ज़िम्मेदारी पूरी कर दी है.’’
मुंबई के पुलिस कमिश्नर डी शिवानंदन ने कहा है कि सिनेमाघरों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाएगी और ज़रूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षाबल भी लगाए जाएंगे.
शिवसेना शाहरुख़ ख़ान के उस बयान से नाराज़ है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग यानि आईपीएल के लिए न चुने जाने पर आईपीएल की आलोचना की थी.
धमकी
शिवसेना ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के पक्ष में बयान देने पर शाहरुख़ ख़ान से माफ़ी मांगने को कहा था लेकिन शाहरुख़ ख़ान ने ये कहकर माफ़ी मांगने से इनकार कर दिया कि उन्होंने कोई ग़लत बात नहीं की थी.
लगातार चल रहे प्रदर्शनों के बीच शिवसेना के सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है, भारी सुरक्षा के बावजूद 12 तारीख़ को क्या होगा ये देखने के लिए इंतज़ार करें.’’
लगभग दो हज़ार शिवसैनिक अब तक गिरफ़्तार किए जा चुके हैं.
कुछ टेलीविज़न चैनल सूत्रों के हवाले से कह रहे हैं कि शाहरूख ख़ान और शिवसेना के बीच समझौते की कोशिशें भी चल रही हैं और कई सिनेमाघर के मालिक शुक्रवार की सुबह ही ये फ़ैसला करेंगे कि फ़िल्म दिखाई जाए या नहीं.












Click it and Unblock the Notifications