बिल क्लिंटन अस्पताल में भर्ती

अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को सीने में दर्द की शिकायत के बाद न्यूयॉर्क के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है. उनके एक प्रवक्ता ने कहा है कि क्लिंटन की हृदय धमनियों में दो जालीदार नलियां डाली गई हैं जिसमें रक्त के प्रवाह में मदद मिले.
प्रवक्ता का कहना था इस समय वो पूरे होशोहवास में हैं. दो बार राष्ट्रपति रह चुके बिल क्लिंटन 63 वर्ष के हैं और 2004 में सीने में दर्द और सांस की परेशानी के बाद उनकी बाइपास सर्जरी हुई थी. उनकी पत्नी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन वाशिंगटन से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हो चुकी हैं.
सीएनएन टीवी चैनल का कहना है कि इस वक्त उनकी बेटी चेल्सी क्लिंटन उनके साथ हैं. विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा है कि हिलेरी क्लिंटन को शुक्रवार को कतर और सऊदी अरब के दौरे पर जाना था लेकिन अब ये स्पष्ट नहीं है कि वो जाएंगी या नहीं.
बिल क्लिंटन को पिछले दिनों हेती में आए भयंकर भूकंप के बाद राहत कार्य की देखरेख के लिए संयुक्त राष्ट्र का विशेष दूत बनाया गया था और वो इन दिनों उसी में जुटे हुए थे. उनके प्रवक्ता ने बताया है कि ठीक होते ही वो फिर से हेती के पुनर्वास के काम में लग जाएंगे.












Click it and Unblock the Notifications