पाकिस्तान में धमाके, 12 की मौत

पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत में एक पुलिस थाने के पास दो बम धमाकों में कम-से-कम 15 लोग मारे गए हैं.
अधिकारियों के अनुसार ये हमला बन्नू शहर में हुआ जो इस्लामाबाद से लगभग ढाई सौ किलोमीटर दूर है.
ऐसी भी ख़बर है कि ये धमाके आत्मघाती हमलावरों ने किए मगर इस बारे में अभी पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि पहला धमाका पुलिस परिसर के भीतर हुआ और जब बचावकर्मी घटनास्थल पर गए तो दूसरा धमाका हो गया.
अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर हताहत पुलिसकर्मी हैं. 20 अन्य लोग घायल हैं.
किसी ने भी हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
निशाने पर सुरक्षाकर्मी
पाकिस्तान में इसके अलावा अफ़ग़ानिस्तान से लगे ख़ैबर क़बायली इलाक़े में भी सुरक्षाकर्मियों पर हमले हुए हैं.
एक हमला तब हुआ जब एक बचाव दल एक घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गए सेना के हेलिकॉप्टर को देखने गया.
वहाँ घात लगाए हुए चरमपंथियों ने इस दल पर हमला कर दिया जिससे एक अधिकारी मारा गया और दो अन्य घायल हो गए.
इससे पहले ख़ैबर में बुधवार को एक आत्मघाती बम हमलावर ने हमला कर कम-से-कम 12 लोगों को मार डाला था.
पेशावर से काबुल जानेवाली सड़क पर पड़नेवाले शहर वज़ीरदंद में हुए इस हमले में मारे गए अधिकतर लोग पुलिसकर्मी थे.












Click it and Unblock the Notifications