बर्फ़ीले तूफ़ानों में 28 अफ़ग़ान मारे गए

अफ़ग़ानिस्तान में एक पहाड़ी सुरंग के आसपास आए बर्फ़ीले तूफ़ानों में कम से कम 28 लोग मारे गए हैं और 70 घायल हुए हैं. सैकड़ों लोग अब भी तूफ़ान में फँसे हुए हैं.
अनेक लोग अपनी कारों और अन्य वाहनों में ही तब मारे गए जब बर्फ़ के कारण गिरे तापमान से या फिर वाहनों से हुए प्रदूषण के कारण उनकी मौत हो गई.
ये बर्फ़ीले तूफ़ान कई दिनों की भीषण बर्फ़बारी के बाद आए हैं.
ये तूफ़ान हिंदू-कुश के पहाड़ों में सालांग सुरंग के आसपास आए.
सालांग सुरंग अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल को उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान के मज़ार-ए-शरीफ़ शहर के साथ जोड़ती है और आगे चल कर भारतीय उप महाद्वीप और मध्य एशिया से जोड़ती है.
अफ़ग़ानिस्तान में सैनिकों की अनेक टीमें लोगों को सुरंग से बाहर निकालने और चिकित्सा मुहैया कराने में जुटी हुई हैं.
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है, "सोमवार दोपहर से लेकर अब तक इन बर्फ़ीले तूफ़ानों में फँसे लगभग 1500 लोगों को बचाया गया है. लगभग 70 लोग घायल हैं और 28 लोग मारे गए हैं. "
सुरंग की देखरेख करने वाले अधिकारी मोहम्मद रजाब का कहना था कि स्थिति ख़तरनाक बनी हुई है.
उनका कहना था कि यदि फँसे हुए लोगों को हवाई जहाज़ के ज़रिए बचाया न गया तो अनेक लोग मारे जाएँगे.
कुछ समाचार एजेंसियों के अनुसार अनेक हेलिकॉप्टरों को लोगों को बचाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है.












Click it and Unblock the Notifications