तेलंगाना का मुद्दा फिर गरमाया

उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद से
अलग तेलंगाना राज्य बनाने के समर्थक दलों ने इस दिशा में पहल के लिए केंद्र सरकार को सात फरवरी तक का समय दिया है. आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में अलग राज्य की माँग के लिए गठित साझा संघर्ष समिति ने इसस पहले 28 जनवरी तक की समयसीमा दी थी.
गुरुवार को समयसीमा ख़त्म होने पर साझा संघर्ष समिति की लंबी बैठक हुई. देर रात तक चली बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम के बयान पर चर्चा हुई जिसमें उन्होंने कहा है कि अलग तेलंगाना राज्य के गठन पर विचार के लिए अगले हफ़्ते समिति का गठन कर दिया जाएगा.
चिदंबरम के बयान को देखते हुए समिति ने समयसीमा बढ़ाई है.तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने कहा है कि अगर इस समयसीमा के भीतर कोई पहल नहीं हुई तो तेलंगाना क्षेत्र के सभी विधायकों और सांसदों को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए. तेलंगाना क्षेत्र से 119 विधायक और 17 सांसद चुने जाते हैं. अगर सभी त्यागपत्र दे देते हैं तो संवैधानिक संकट पैदा होगा. सरकार गिर जाएगी और विधानसभा भंग करनी पड़ेगी.
नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए चिदंबरम ने कहा, अलग तेलंगाना पर विचार के लिए समिति गठित करने का काम लगभग पूरा हो चुका है. अगर सब ठीक रहा तो इस हफ़्ते के आख़िर तक समिति बन जाएगी और अगले हफ़्ते हम इसकी घोषणा कर देंगे.












Click it and Unblock the Notifications