महंगाई के खिलाफ बिहार बंद, सुरक्षा कड़ी

पुलिस मुख्यालय के मुताबिक राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को बंद के दौरान अति आवश्यक सेवाओं को प्रभावित करने वाले लोगों के साथ सख्ती से पेश आने का निर्देश दिया गया है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) यूएस दा ने बताया कि बंद को देखते हुए रेल सेवाओं और यातायात के अन्य साधनों की सुरक्षा और उनके परिचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभिन्न जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दुकानों, बाजारों और सरकारी विद्यालयों को जबरन बंद कराने वाले तत्वों से सख्ती से निपटने के आदेश पुलिस अधीक्षकों को दिए गए हैं।
लोजपा, भाकपा का भी समर्थन
बंद को लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने भी समर्थन दिया है। राजद के बिहार अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दिकी ने बताया कि महंगाई से आम लोग त्रस्त हैं। उन्होंने इसके लिए केन्द्र और राज्य सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि महंगाई रोकने में दोनों सरकारें असफल साबित हुई हैं।
भाकपा के राज्य सचिव बद्री प्रसाद ने कहा कि महंगाई पर रोक लगाने, भूमि सुधार लागू करने जैसे मुद्दों पर पार्टी स्वयं आंदोलन कर रही है। इसलिए बिहार बंद को पार्टी समर्थन देगी।












Click it and Unblock the Notifications