बिल गेट्स ने नीतीश कुमार, राहुल गांधी की प्रशंसा की
दुनिया की स्वास्थ्य व्यवस्था पर लिखे एक वार्षिक पत्र में गेट्स ने कहा, "मेरे दौरे के दौरान भारत के सबसे गरीब राज्यों में से एक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टीकाकरण की दर में सुधार के लिए किए गए कार्यो को बताया। फाउंडेशन (बिल एंड मेलिंडा) उनके कार्यक्रम को वित्तीय सहायता देने पर विचार कर रहा है।"
गेट्स ने जो पत्र लिखा उसकी एक प्रति आईएएनएस के पास है। इसमें गेट्स ने कहा है कि राहुल गांधी नई पीढ़ी के नेताओं में से हैं और उनका ध्यान निवेश को उपयुक्त तरीके से खर्च करने पर है। राहुल ने स्पष्ट किया कि केवल धन हासिल करने के इरादे से काम करने वालों को पैसा नहीं मिलना चाहिए और यह तय करना आसान नहीं है।
गेट्स ने कहा कि उनका खुलापन स्फूर्तिदायक है क्योंकि कई राजनेता दानदाताओं को हतोत्साहित करने वाली सभी बातें नहीं बताते। उन्होंने बताया कि खर्च पर निगरानी के लिए महिलाओं की प्रमुखता वाले स्थानीय समूहों के गठन से कैसे बड़ा अंतर आया।
गेट्स ने कहा कि उन्होंने और अन्य युवा नेताओं ने आश्वस्त किया कि अगले एक दशक में भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications