बिहार की विधान पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज
कानपुर, 26 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को बिहार से कांग्रेस की विधान पार्षद (विधान परिषद सदस्य) ज्योति कुमार और उनके दो सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ पटना-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस रेलगाड़ी में एक महिला यात्री के साथ बदसलूकी करने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया।
कानपुर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वी.के.शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया कि राजधानी एक्सप्रेस रेलगाड़ी के एसी कोच (बी-वन) में सफर कर रही एक महिला (32) ने आज दोपहर कानपुर स्टेशन पर रेलगाड़ी पहुंचने के बाद विधान पार्षद ज्योति कुमार और उनके दो सुरक्षाकर्मियों उपेंद्र और विमल कुमार (दोनों 27 वर्ष) के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
शुक्ला ने कहा, "मामले की जांच की जा रही है। हमने दो में से एक आरोपी सुरक्षाकर्मी विमल को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरा उपेंद्र मौके से फरार हो गया।" बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और वह दिल्ली की रहने वाली है।
पीड़िता का आरोप है कि आज सुबह विधान पार्षद के दोनों सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ पहले छेड़खानी की। हंगामा करने पर वे विधान पार्षद को बुला लाए। विधान पार्षद ने आकर गाली गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट की। सहयात्रियों के मुताबिक विधान पार्षद ज्योति पीड़िता के साथ अभद्रता से पेश आई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications