श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 70 फीसदी मतदान (लीड-2)
चुनाव में मुख्य मुकाबला वर्तमान राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे (64 वर्ष) और पूर्व सेनाध्यक्ष सरथ फोंसेका (59 वर्ष) के बीच है। राजपक्षे सत्तारूढ़ युनाइटेड पीपुल्स फ्रीडम एलायंस (यूपीएफए) से फिर चुनाव मैदान में हैं। चुनाव मैदान में 20 अन्य उम्मीदवार भी हैं लेकिन मुख्य मुकाबला राजपक्षे और फोंसेका के बीच ही है।
राजपक्षे और फोंसेका दोनों लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के खिलाफ विजय का श्रेय लेना चाहते हैं। चुनाव में विपक्षी दलों ने भ्रष्टाचार और राजपक्षे के कथित पारिवारिक शासन को मुद्दा बनाने का प्रयास किया।
चुनाव पर्यवेक्षकों के मुताबिक मतदान के दौरान श्रीलंका के उत्तरी हिस्से में हिंसा और विस्फोट की घटनाएं घटीं और मतदाताओं को डराया-धमकाया गया। लेकिन इसके बावजूद मतदान नहीं रोका गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार श्रीलंका के उत्तरी हिस्से में मतदान शुरू होने से पहले हुए पांच मामूली विस्फोटों के कारण क्षेत्र में 20 प्रतिशत से भी कम मतदान हुआ। लेकिन देश के बाकी हिस्सों में पिछले वर्ष मई महीने में तमिल विद्रोही, लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के खात्मे के बाद देश में पहली बार हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव में भारी मतदान की खबर है।
पर्यवेक्षकों ने कहा है कि देश में कुछ मतदाताओं को मतदान से रोका गया। इसके साथ ही प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक समर्थकों पर हमले किए गए और गोलियां दागी गईं। लेकिन इसके बावजूद इस दर्जे की कोई घटना नहीं घटी, जिससे मतदान में बाधा आती।
जाफना के निवासियों ने कहा है कि मतदान शुरू होने से पहले जाफना प्रायद्वीप में पांच विस्फोट होने की सूचना है। यह इलाका पिछले 26 सालों से सरकार और लिट्टे के बीच जारी रही जंग का एक प्रमुख मैदान रहा है। लेकिन इन विस्फोटों में किसी के हताहत होने के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं है।
पुलिस ने इस बात की पुष्टि तो की है कि उसने विस्फोट के धमाके सुने हैं, लेकिन उसने यह भी कहा है कि उसके पास किसी घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
मतदान समाप्त होने के बाद उपलब्ध तात्कालिक आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन अधिकारियों ने कहा है कि देश में औसतन 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। अधिकारियों ने कहा है कि मतदान का अंतिम आंकड़ा 80 प्रतिशत या उससे ऊपर तक जा सकता है।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। देश में करीब 11,000 मतदान केंद्रों पर 1.4 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं। मतदान शाम चार बजे समाप्त हो गया।
मतदान समाप्त होने के बाद राजपक्षे ने अपने गृहनगर मेदामुलाना हंबानटोटा में कहा, "मुझे भरोसा है कि मैं जीतूंगा।"
इस बीच मतदान खत्म होने से पहले सत्ताधारी पार्टी ने दावा किया है कि फोंसेका चुनावी दौड़ से अयोग्य ठहराए जा सकते हैं क्योंकि वह पंजीकृत मतदाता नहीं हैं। हालांकि फोंसेका और विधि विशेषज्ञों ने कहा कि चुनाव में हिस्सा लेने के लिए मतदाता के रूप में पंजीकरण अनिवार्य नहीं है।
फोंसेका ने कहा, "यह मतदान के आखिरी समय में मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश है। मैं आश्वस्त हूं कि लोग मुझे चुनेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications