गुलबर्ग सोसायटी नरसंहार मामले की सुनवाई बुधवार को
गांधीनगर, 26 जनवरी (आईएएनएस)। वर्ष 2002 में हुए गुजरात दंगे के दौरान अहमदाबाद के गुलबर्ग सोसायटी में हुए नरसंहार मामले की सुनवाई में विशेष न्यायाधीश पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए मामले को किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित किए जाने के लिए दायर की गई याचिका पर सुनवाई बुधवार को होगी। इस नरसंहार में दंगाइयों ने 69 लोगों को मार डाला था।
नरसंहार के पीड़ितों और गवाहों ने इस मामले को न्यायाधीश बी.यू.जोशी की विशेष अदालत से कहीं और स्थानांतरित करने की मांग की है। इन लोगों ने जोशी पर पक्षपाती होने का आरोप लगाया है।
मामले को स्थानांतरित करने की याचिका अहमदाबाद के मुख्य सत्र न्यायाधीश जी.बी.शाह की अदालत में सोमवार को दायर की गई है। अदालत ने याचिका की सुनवाई के लिए बुधवार का दिन तय किया है।
याचियों ने कहा है कि सुनवाई के दौरान न्यायाधीश जोशी के व्यवहार के कारण उन पर याचियों को भरोसा नहीं रह गया है। ऐसी स्थिति में मामले को किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित कर दिया जाना चाहिए।
ज्ञात हो कि इसी नरसंहार में पूर्व सांसद एहसान जाफरी भी मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications