चीन ने तिब्बती प्रतिनिधियों से बातचीत शुरू की
बीजिंग, 26 जनवरी (आईएएनएस)। पंद्रह महीने के अंतराल के बाद तिब्बत के राजनीतिक दर्जे को लेकर चीन की कम्युनिस्ट सरकार ने निर्वासित बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के साथ बातचीत की पहल शुरू कर दी है। चीन सरकार की ओर से मंगलवार को कहा गया है कि दलाई लामा को बातचीत के इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मा झाओक्सू ने यहां कहा, "हमें आशा है कि दलाई लामा फिर से बहाल हुए संपर्क के इस अवसर का लाभ उठाएंगे और केंद्र सरकार के अनुरोध का सकारात्मक जवाब देंगे।"
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने मा के हवाले से कहा है कि दलाई लामा की ओर से आए अनुरोध पर चीन की केंद्रीय सरकार के संबंधित विभाग ने दलाई लामा के निजी प्रतिनिधियों के चीन आकर संपर्क करने व सलाह-मशविरा करने के लिए बंदोबस्त किया।
मा ने संवाददाताओं को बताया कि दलाई लामा के लिए केंद्रीय सरकार की नीति स्थिर और स्पष्ट है। लेकिन मा ने बातचीत की जगह और बातचीत के अन्य विवरणों का खुलासा नहीं किया।
मा के बयान से पूर्व मंगलवार को ही तिब्बती दूत, लोडी ज्ञारी और केलसांग ज्ञाल्तसेन चीनी अधिकारियों के साथ नौवें दौर की बातचीत के लिए बीजिंग पहुंचे।
इसके पहले नवंबर 2008 में दोनों पक्षों के बीच बातचीत बगैर किसी नतीजे के समाप्त हो गई थी, क्योंकि चीन ने तिब्बत की स्वायत्तता की मांग खारिज कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications