नए रूप में दोबारा जारी किया गया 'मिले सुर' का वीडियो
नई दिल्ली, 26 जनवरी (आईएएनएस)। वर्ष 1980 के दशक में तैयार किया गया 'मिले सुर मेरा तुम्हारा' वीडियो एक नए रूप-रंग में टेलीविजन के पर्दे पर मंगलवार को गणतंत्र दिवस के दिन दिखाई दिया। इस वीडियो में भारत के रंगों, स्थलों और सुरों का चित्रण किया गया है।
'फिर मिले सुर' शीर्षक वाले इस नए आकर्षक वीडियो में 16 मिनट के भीतर 68 चर्चित हस्तियों के साथ 15 स्थलों के दर्शन होते हैं। चाहे बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान हों या बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल या फिर संगीतकार ए.शिवमणि, सभी को इस वीडियो में शामिल किया गया है। इसमें चित्रित समुद्र तट, रेगिस्तान, मस्जिद-मंदिर और ऊंची पर्वत श्रृंखलाएं एक आधुनिक भारत का अहसास कराती हैं।
इसमें शामिल हर कलाकार कुछ अर्थपूर्ण बातें बोलता है। वीडियो को ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों पर फिल्माया गया है। अभिनेता अमिताभ बच्चन शायद एकमात्र हस्ती हैं, जिन्हें वीडियो के मूल संस्करण में शामिल किया गया था और उन्हें दोबारा इस नए वीडियो में भी शामिल किया गया है।
ज्ञात हो कि उद्योगपति दंपति आरती और कैलाश सुरेंद्रनाथ ने 'फिर मिले सुर' वीडियो को निर्मित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications