मध्य प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस (लीड-1)
भोपाल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल ठाकुर ने कहा कि नगर निगम और पंचायत चुनावों ने प्रजातंत्र को और मजबूत किया है तथा इन संस्थाओं में महिलाओं को मिली आधी भागीदारी ने इनका स्वरूप ही बदल दिया है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा तय की गई सात प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए प्रदेश के विकास में सभी की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आम आदमी की सक्रिय भागीदारी के बिना प्रदेश का विकास नहीं हो सकता है।
राज्यपाल ने प्रदेश की जनता के नाम जारी संदेश में कहा कि विश्व और देशव्यापी मंदी के बावजूद मध्य प्रदेश की विकास दर में वृद्घि हुई है। सड़कों का जाल बिछा है, सिंचाई योजनाओं में इजाफा हुआ है, बिजली उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी हुई है, राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन किया गया है। इतना ही नहीं अनुसूचित जाति और जनजाति के परिवारों के समग्र विकास और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
संदेश में आगे कहा गया कि प्रदेश में कानून का राज्य स्थापित करने में सरकार सफल हुई है। खनिज और नशीले पदार्थो के अवैध व्यापार एवं भू माफियाओं पर अंकुश लगा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा मे ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करने और स्वर्णिम मध्य प्रदेश के लिए समाज के सभी वर्गो के सक्रिय सहयोग की जरूरत है। साथ ही गणतंत्र स्थापना के वास्तविक उद्देश्यों को हासिल करने के लिए शासन-प्रशासन को जनकेंद्रित बनाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications