अमेरिका-पाकिस्तान के बीच गठबंधन सहायता कोष पर मतभेद
इस्लामाबाद, 26 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान को जारी किए जाने वाले गठबंधन सहायता कोष (सीएसएफ) को लेकर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मतभेद पैदा हो गए हैं। दोनों देशों के बीच इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को आयोजित बातचीत बेनतीजा समाप्त हो गई।
वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑनलाइन को बताया है कि मंत्रालय और अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत के दौरान मंत्रालय की ओर से कहा गया कि इस कोष के तहत दो अरब डॉलर का भुगतान किया जाना चाहिए।
लेकिन अमेरिका ने कहा कि वह मात्र 1.4 अरब डॉलर का ही भुगतान करेगा, क्योंकि पाकिस्तानी सेना की ओर से प्राप्त हुई रसीदों में 60 करोड़ डॉलर की कमी जाहिर हुई है।
सूत्रों ने कहा है कि दोनों देशों ने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई है।
अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता रिचर्ड स्नेलसायर से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने ऑन लाइन को बताया कि उन्हें कोष की राशि में किसी असमानता के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
लेकिन यहीं पर उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी सेना की ओर से हमें प्राप्त खर्च की सूचियों और पर्चियों की हम समीक्षा करेंगे और समीक्षा प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद पाकिस्तान को बाकी राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।"
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने अमेरिकी लेखाकारों को वीजा जारी नहीं किया, जिसके कारण वे रसीदों की जांच के लिए यहां नहीं आ सके।
प्रवक्ता ने कहा, "वीजा जारी होने में हुई देरी के कारण पाकिस्तान को कोष के भुगतान में देरी का सामना करना पड़ रहा है। यदि वीजा जल्द जारी कर दिया गया होता तो यह मामला जल्द सुलझ गया होता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications