हेती में समन्वय की कमी: इटली
इटली की नागरिक संरक्षण सेवा के प्रमुख गुइदो बेर्तोलासो ने हेती में भूकंप राहत अभियान की स्थिति गंभीर बताई और कहा है कि इसका प्रंबधन बेहतर तरीके से किया जाना चाहिए.
बेर्तोलासो हेती में राहत अभियान का समन्वय कर रहे हैं.
उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सहायता अभियान में समन्वय की कमी है.
उन्होंने हेती में बहुत सारे अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति की भी आलोचना की है.
उनका कहना है कि इन सैनिकों को राहत अभियान का कोई अनुभव नहीं है.
बेर्तालासो ने संयुक्त राष्ट्र से ऐसा ढांचा खड़ा करने की अपील की है जो भविष्य में बड़ी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान तुरंत सक्रिय हो सके.
'डेढ़ लाख की मौत'
इधर हेती की सरकार ने कहा है कि पिछले दिनों आए भूकंप के बाद अकेले राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस से डेढ़ लाख से ज़्यादा शव निकाले जा चुके हैं.
हेती की संचार मंत्री मेरी लॉरेंस जोकेलिन लासेग ने कहा कि ये आँकड़ा राजधानी और इसके आसपास के इलाक़ों में इकट्ठा किए गए और दफ़नाए गए शवों की संख्या पर आधारित है.
उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि अभी किसी को ये पता नहीं कि देशभर में कितने और शव मलबों के अंदर दबे हुए हैं.
बारह दिन पहले आए विनाशकारी भूकंप में बचे लोगों की तलाश अब आधिकारिक रूप से बंद कर दी गई है और अब ध्यान सहायता कार्यों पर है.
शनिवार को 24 वर्षीय एक युवक को एक होटल के मलबे से ज़िंदा निकाला गया था. बचावकर्मी इसे चमत्कार बता रहे हैं.
रविवार को राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में खुले आसमान के नीचे एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई.












Click it and Unblock the Notifications