सांसदों ने एक-दूसरे पर घूँसे चलाए

ताइवान की संसद में सोमवार को राजनेताओं के बीच जमकर हाथापाई हो गई.
मामला एक विधेयक का था जिसपर सत्ता पक्ष और विपक्ष के मतभेद ने तूल पकड़ लिया.
इस विधेयक के पारित होने पर स्थानीय अधिकारियों की नियुक्ति का अधिकार सरकार को मिल जाता जबकि विपक्ष अधिकारियों की नियुक्ति नहीं निर्वाचन की माँग कर रहा था.
मगर मतभेद देखते-देखते मारपीट में बदल गया और सांसदों ने एक दूसरे पर घूँसों की बौछार कर दी.
सत्ता पक्ष के एक सांसद ने तो यहाँ तक कहा कि उन्हें एक विपक्षी सांसद ने दाँत काट लिया.
लेकिन तमाम हील-हुज्जत और हंगामे के बीच भी सरकार ने विधेयक पास करवा लिया.
स्थानीय संवाददाताओं का कहना है कि ताइवान में सदन के भीतर इस तरह की झड़प अक्सर ये दर्शाने का एक तरीक़ा होती है कि राजनेता किसी मुद्दे विशेष को लेकर किस क़दर गंभीर हैं.
एक स्थानीय समाचार में तो यहाँ तक दावा किया गया है कि सोमवार को कई राजनेता स्पोर्ट्स कपड़े और जूते पहनकर संसद आए थे क्योंकि उन्हें इस तरह के मारपीट की आशंका पहले ही हो गई थी.












Click it and Unblock the Notifications