मुख्यमंत्री ने दो माह के प्रिंस को पिलाई पोलियो वैक्सीन की दो बूंदें
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुनीता गहलोत ने दो साल की बच्ची देविका को पोलियो की दवा पिलाई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री एमादुद्दीन अहमद खान, प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जी. एस. संधु, जयपुर कलेक्टर कुलदीप रांका, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के निदेशक डॉ एम. एल. जैन ने भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई।
मुख्यमंत्री को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि अभियान के तहत पांच साल तक के करीब 1 करोड़ 12 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिये 43 हजार 521 बूथ बनाए गए हैं और 1 लाख 43 हजार 765 टीकाकर्मियों को लगाया गया है। रविवार को प्रदेश भर में बच्चों को पोलियो बूथ पर दवा पिलाई जा रही है और किसी कारण से दवा पीने से वंचित रहे बच्चों को कल अभियान से जुड़ी टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार अति संवेदनशील क्षेत्रों यानी कच्ची बस्तियों और झुग्गी झोंपड़ी में रहने वाले बच्चों को दवा पिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मोबाइल टीमें इन क्षेत्रों में भ्रमण करेंगी ताकि मजदूर वर्ग के बच्चों को दवा पिलाई जा सके। इसके अलावा ट्रांजिट बूथ बनाये जायेंगे ताकि रेलवे स्टेशनों एवं बस स्टेण्ड जैसे स्थानों पर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जा सके। इसी प्रकार ट्रांजिट बूथ पर लगी टीमें ट्रेनों में जाकर वहां भी बच्चों को दवा पिलाएंगी।
रविवार दोपहर बाद अभियान से जुड़े विभाग के कर्मचारी एवं अन्य कार्यकर्ता बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो बूथ तक लाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications