भोपाल मे व्यापारियों-पुलिस में झड़प, तोड़फोड़ आगजनी और लाठीचार्ज (लीड-1)
करौंद कृषि उपज मंडी मे सोमवार को फल एवं आलू प्याज सेक्टर के लिए भू-खंडों की नीलामी चल रही थी, तभी नवबहार सब्जी मंडी के व्यापारियों ने 22 रुपए प्रति वर्ग फुट जमीन देने की मांग की, इसी बात पर विवाद बढ़ा। जब मंडी प्रशासन ने उनकी मांग को अनसुना किया तो व्यापारी नारेबाजी पर उतर आए। पुलिस ने जब आंसू गैस छोड़कर व्यापारियों को खदेड़ा तो व्यापारी भड़क उठे और पथराव कर दिया।
कुछ ही देर मे हालात बिगड़ गए और एक डंपर के जरिए एक पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की गई। इस मौके पर व्यापारियों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की और मंडी पहुंचे पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष बाबूलाल की कार में आग लगा दी और उनसे मारपीट की। बाबूलाल को हमीदिया अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
पुलिस और व्यापारियों के बीच हुई झड़प में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, वहीं लाठीचार्ज में कई व्यापारियों को भी चोटें आई हैं। मंडी सचिव रोहिणी प्रसाद चक्रवर्ती की ओर से जारी किए गए बयान मे कहा गया है कि नीलामी प्रक्रिया जारी रहेगी।
भू-खंडों की दर सरकार ने तय की है उसी आधार पर नीलामी की जा रही है। मंडी प्रशासन ने निशातपुरा थाने में उपद्रवी व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications