आदर्श पेश कर रहा है राजेन्द्र प्रसाद का गृह थाना क्षेत्र
राजेन्द्र प्रसाद हमेशा से ही प्रेम-भाव और मेलजोल के साथ रहने की सीख देते थे। आरंभ में उनके गृह क्षेत्र के लोगों ने इसे नहीं माना लेकिन थाने में दर्ज मामले तो अब इसकी पुष्टि कर ही रहे हैं कि देर-सबेर उनके क्षेत्र के लोगों ने उनका कहना मान लिया और देश के सामने एक मिसाल प्रस्तुत की है।
सीवान जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर जीरादेई के लोगों का मानना है कि उन्होंने राजेन्द्र बाबू की तरह ही आचरण करने की ठानी है, जिसका परिणाम है कि इस थाने में संपत्ति विवाद से जुड़ा एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। ग्रामीण बताते हैं कि उनकी मंशा है कि जीरादेई थाना क्षेत्र एक ऐसा क्षेत्र बने जहां कोई मामला ही दर्ज न हो।
इधर, सीवान के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अशोक कुमार सिन्हा ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि यूं भी जीरादेई थाना क्षेत्र सीवान जिले का शांत क्षेत्र माना जाता है। उनका कहना है कि वर्ष 2009 में वहां संपत्ति विवाद से जुड़े मामले और चोरी, डकैती या लूट-खसोट जैसे मामले दर्ज नहीं हुए। सिन्हा बताते हैं कि वर्ष 2008 में भी इस थाने में इस तरह के मात्र नौ मामले दर्ज किए गए थे।
सीवान के पुलिस अधीक्षक डॉ.अमित कुमार को उनके क्षेत्र में ऐसे थाना होने का गर्व है। वह कहते हैं कि इसमें स्थानीय जनता का भरपूर सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि यह शुभ संकेत है। उन्होंने आमलोगों से इस प्रकार की मिसाल बनकर जिले का नाम रोशन करने की अपील की तथा दिवंगत राष्ट्रपति के आदशरें को अपनाने की सलाह दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications