अमर ने कहा, सब ठीक हो गया है पर इस्तीफा वापस नहीं (लीड-1)
अमर सिंह हालांकि इस्तीफा वापस लेने के मूड में नहीं हैं। उनका कहना है कि वह पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव से इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह करेंगे।
सिंह ने दुबई से एक टेलीविजन चैनल से बातचीत में कहा, "हमारे बीच जो मतभेद थे, उन्हें सुलझा लिया गया है।"
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में शामिल होने संबंधी अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, "मैं राकांपा नेताओं शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल, डी. पी. त्रिपाठी के करीब हूं। अन्य कई नेता भी मेरे दोस्त हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं अपना घर छोड़ रहा हूं।"
कांग्रेस पर पलटवार करते हुए सिंह ने कहा, "सपा में तो एक ही रामगोपाल हैं, लेकिन कांग्रेस में कई हैं।"
उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि वह मुलायम के गृह नगर में होने वाले सैफई महोत्सव के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा, "मेरे लिए निजी तौर पर मुलायम सिंह का कहा आदेश जैसा है। मैं कैसे उनके निमंत्रण को अस्वीकार कर सकता हूं। भले ही मैं पार्टी में रहूं या ना रहूं।"
उन्होंने कहा कि वह मुलायम से आग्रह करेंगे कि वह उनका इस्तीफा मंजूर कर लें ताकि यह मामला और तूल न पकड़े।
उधर, इटावा में रामगोपाल यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अमर सिंह ने पार्टी से थोड़े ही इस्तीफा दिया है, थोड़ा बहुत तो चलता रहता है। राजनीतिक दल एक परिवार की तरह होते हैं और परिवार में तमाम बर्तन होते हैं जो आपस में टकरा ही जाते हैं। परिवार में कभी-कभार थोड़ी बहुत खटपट चलती रहती है।
यादव ने कहा, "उन्होंने (अमर सिंह) ने मुझे बड़ा भाई कहा है, यानी उन्होंने जब खुद को मेरा छोटा भाई मान लिया तो फिर मतभेद कैसा। अब सब कुछ ठीक हो गया है।"
उन्होंने कहा, "अमर सिंह हमारी पार्टी के बहुत सम्मानीय नेता हैं। वह 24 जनवरी को सैफई महोत्सव के समापन कार्यक्रम में आएंगे और वह हमारे विशेष अतिथि रहेंगे। उन्होंने हमारा आमंत्रण स्वीकार कर लिया है।"
इससे पहले, सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को इटावा जिले स्थित अपने पैतृक गांव सैफई में दीप जलाकर सैफई महोत्सव की शुरूआत की। यह महोत्सव 24 जनवरी तक चलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications