बॉलीवुड के लिए नया पसंदीदा स्थल हो सकता है बोत्सवाना
कासाने (बोत्सवाना), 11 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय फिल्मकारों के लिए बोत्सवाना एक नया पसंदीदा स्थल बन सकता है, जहां वे अपनी फिल्मों की शूटिंग के लिए जा सकते हैं।
चोबे नेशनल पार्क के खूबसूरत व जंगली दृश्यों को देखकर उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने बोत्सवाना के उपराष्ट्रपति मोमफाती मेराफहे से रविवार की रात कहा कि वे हिंदी फिल्म उद्योग के साथ बोत्सवाना के जुड़ाव के लिए निश्चित रूप से वकालत करेंगे।
अंसारी ने कहा, "भारत दुनिया में सबसे अधिक फिल्मों का निर्माण करता है। हिंदी फिल्मों में अति खूबसूरत स्थलों को फिल्माया जाता है। हिंदी फिल्मकारों को निश्चित रूप से इन विदेशी स्थलों पर फिल्मों की शूटिंग करनी चाहिए। इस बारे में फिल्मकारों तक जितना संदेश मैं पहुंचा सकता हूं, उतना मैं जरूर पहुंचाऊगा।"
अंसारी, बोत्सवाना के अपने तीन दिवसीय दौरे पर नौ जनवरी को यहां पहुंचे थे। शनिवार को द्विपक्षीय बातचीत और दो समझौतों पर हस्ताक्षर के बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल रात भर के चोबे नेशनल पार्क के दौरे के लिए उत्तर पूर्वी बोत्सवाना में कासाने के लिए रवाना हो गया।
अंसारी अपनी पत्नी के साथ मोवाना सफारी लाज के क्लिंटन शूट में ठहरे।
चोबे नदी के रास्ते तीन घंटे की यात्रा के लिए बोत्सवाना सरकार की ओर से तीन बड़ी नावों की व्यवस्था की गई थी। इस चौड़ी नदी के एक किनारे पर बोत्सवाना तो दूसरे किनारे पर नामीबिया स्थित है।
सोमवार तड़के अंसारी पार्क के दौरे पर गए और वहां उनका सामना दो शेरनियों से हुआ।
अंसारी सोमवार अपराह्न् गैबोरेन वापस लौट आए। यहां वह बोत्सवाना के राष्ट्रपति सेरेत्से खामा इयान खामा से मुलाकात करेंगे। वह बोत्सवाना की डायमंड ट्रेडिंग कंपनी के मुख्यालय भी जाएंगे और उसके बाद शाम को भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। उसके बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल रात लगभग 9.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
* *












Click it and Unblock the Notifications