मिस्र से लगी सीमा पर बाड़ लगाएगा इजरायल
जेरूसलम, 11 जनवरी (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि घुसपैठियों और आतंकवादियों की घुसपैठ रोकने के लिए देश की मिस्र से लगी दक्षिणी सीमा पर बाड़ लगाई जाएगी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार नेतन्याहू ने कहा, "मैंने घुसपैठियों और आतंकवादियों के लिए इजरायल की दक्षिणी सीमा बंद करने का फैसला किया है। इजरायल के यहूदी और लोकतांत्रिक चरित्र की सुरक्षा सुनिश्चित के लिए यह एक रणनीतिक निर्णय है।"
इजरायली पुलिस के अनुसार हर हफ्ते करीब 100-200 श्रमिक, शरणार्थी और अपराधी अवैध तरीके से मिस्र से लगी दक्षिणी सीमा पार कर इजरायल में घुसते हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि बाड़ के साथ रडार भी लगाए जाएंगे। इजरायल ने स्पष्ट किया कि वह हजारों अवैध श्रमिकों को देश में प्रवेश की अनुमति नहीं देगा लेकिन युद्ध शरणार्थियों के लिए देश के दरवाजे खुले रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications