भाजपा विधायक की तलाश में जुटी पुलिस
मालूम हो मई 2007 में कोलार रोड थाना क्षेत्र में स्थित यशोदा परिसर में भैयाराजा के आवास में तिजीबाई की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत हुई थी। तब पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला माना था।
इस मामले की डायरी पुलिस ने वसुंधरा हत्याकांड में भैया राजा की गिरफ्तारी के बाद फिर खोली और भाजपा विधायक आशा रानी, उनके पति तथा छह अन्य पर अपहरण, बलात्कार और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने आशा रानी सहित छह अन्य की तलाश शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को एक टीम छतरपुर पहुंची है जिसने पन्ना जिले में स्थित भैया राजा के सांटा फार्म हाउस पर दबिश देने के बाद तलाशी ली। इसके अलावा कुछ दल उत्तर प्रदेश भी भेजे गए हैं।
तिजी बाई के मामले मे जब डायरी पुलिस ने खोली तो उसमें से कुछ पेज फटे पाए गए हैं। पुलिस उस दौर के कोलार थाना प्रभारी, जांच अधिकारी और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ करने की तैयारी में है।
तिजी बाई मामले का खुलासा फैशन डिजाइनिंग की छात्रा और भैयाराजा की रिश्ते की नातिन वसुंधरा बुंदेला की हत्या के बाद पकड़े गए भैयाराजा के चालक हलकेसिंह से हुई पूछताछ में हुआ था और कुछ चौंकाने वाले तथ्य पुलिस के हाथ लगे थे। उसी आधार पर पुलिस ने तिजी बाई के पति बिहारी और भाई फकीरा के बयान लिए। इसके बाद मामला दर्ज किया गया।
मालूम हो कि फैशन डिजाइनिंग की छात्रा वसुंधरा बुंदेला हत्याकांड की साजिश रचने के आरोप में भैयाराजा इन दिनों जेल में है। सूत्रों के अनुसार आशा रानी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने अपना पक्ष रखने की कोशिश में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications