भाजपा ने मांगा पवार का इस्तीफा
नई दिल्ली, 11 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र की कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) पर महंगाई रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के इस्तीफे की मांग की है।
भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिचौलिए और जमाखोर आज तय कर रहे हैं चीनी, चावल, दाल, गेहूं का कब आयात करना है और कब निर्यात। देश के किसान और गरीब आदमी को लूटा जा रहा है। कांग्रेस चुनाव में वोट आम आदमी के नाम पर लेती है लेकिन, सत्ता में आते ही सटोरियों और मुनाफाखोरों को फायदा पहुंचाती है।"
उन्होंने कहा, "भाजपा मांग करती है कि शरद पवार अविलंब अपने पद से इस्तीफा दे। भाजपा संप्रग की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी से पूछना चाहती है कि आखिर इस देश का किसान और गरीब आदमी कब तक लुटता रहेगा।"
उल्लेखनीय है कि पवार ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा था कि वह ज्योतिष नहीं है कि यह बताएं कि चीनी के मूल्य में कब कमी आएगी। पत्रकारों ने उनसे चीनी की बढ़ती कीमतों पर सवाल पूछा था।
रूडी ने कहा कि भाजपा ने तय किया है कि वह महंगाई के खिलाफ संसद में और संसद के बाहर सरकार के काले कारनामों को जनता के बीच ले जाएगी और जब तक कांग्रेस सरकार महंगाई कम नहीं करती तब तक वह गरीब, किसान और मजदूर के अधिकार की लड़ाई लड़ती रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications