भारत और बांग्लादेश अहम मसलों पर सहयोग बढ़ाएंगे
नई दिल्ली, 11 जनवरी (आईएएनएस)। भारत की यात्रा पर आईं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उनकी चार दिवसीय भारत यात्रा को कूटनीतिक नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दोनों देश पांच अहम समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे, जिनमें तीन समझौते सुरक्षा से जुड़े होंगे। पिछले साल सत्ता की कमान संभालने वाली हसीना ने भारत के साथ रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने का संकेत दिया है।
उन्होंने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से कई क्षेत्रीय और द्विपक्षीय मसलों पर बातचीत की। विदेश मंत्री एस.एम कृष्णा ने भी शेख हसीना से बातचीत की। दोनों के बीच यातायात संपर्क, व्यापार और दक्षेस के मसलों पर बातचीत हुई। आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की शेख हसीना से कई मसलों पर चर्चा होगी।
दोनों देश कई प्रमुख मुद्दों पर सहयोग का दायरा बढ़ाने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। इस पहल को रिश्ते में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। शेख हसीना के सम्मान में मनमोहन सिंह की ओर से एक राजकीय भोज भी आयोजित किया जाएगा। भारत बांग्लादेश में ढांचागत विकास को बढ़ावा देने के लिए 50 करोड़ डालर के ऋण की भी घोषणा करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications