अलग विदर्भ राज्य की मांग को लेकर जागरण यात्रा निकालेंगी विधवाएं
नागपुर, 11 जनवरी (आईएएनएस)। पृथक विदर्भ राज्य की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए विदर्भ की लगभग 300 विधवाएं पूर्वी महाराष्ट्र में दो दिवसीय जागरण यात्रा निकालेंगी।
विदर्भ किसान विधवा संघ (वीएफडब्ल्यूए) की अध्यक्ष बेबीताई बैस ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि 20 जनवरी को आरंभ होने वाली यह यात्रा नक्सल प्रभावित यवतमाल जिले के कोसारा गांव से होते हुए 180 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। अगले दिन यह यात्रा इसी जिले के बोथ-बोदान गांव पहुंचेगी। इस गांव में सबसे अधिक किसानों की विधवाएं हैं।
यह जागरण यात्रा विदर्भ के विभिन्न 68 राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संस्थाओं द्वारा आगामी 20 जनवरी को किए गए बंद के आह्वान का हिस्सा है।
बैस ने कहा, "मरनासन्न हो चुके विदर्भ की लंबित मांगों पर हमारा यह जागरण केंद्रित रहेगा। पिछले छह दशकों से विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा इस क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार हुआ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications