ग्रामीणों ने किया पोलियो अभियान का बहिष्कार (लीड-1)
प्रतापपुर और फतेहपुर ग्राम पंचायत के गांवों में बिजली की मांग को लेकर रविवार और सोमवार को ग्रामीणों ने न केवल पल्स पोलियो अभियान का बहिष्कार किया बल्कि रविवार को रहिमापुर गांव में पोलियो ड्रॉप लेकर पहुंची गाड़ी का रास्ता भी रोका और जमकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक गांवों में बिजली नहीं पहुंच जाती है तब तक वे इस अभियान का बहिष्कार करते रहेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली से वंचित गांवों तक बिजली पहुंचाने के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई गई परंतु अब तक कोई पहल नहीं की गई है।
इधर, सारण जिले के सिविल सर्जन डॉ. धर्मदेव सिंह ने सोमवार को बहिष्कार की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को भी ग्रामीणों को स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया था लेकिन गांव वाले अपनी मांग पर अड़े रहे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में बिहार में पोलियो के 115 नये मामले प्रकाश में आए थे। राज्य में पी-1 और पी-3 (पोलियो संबंधित) के एक साथ उन्मूलन के लिए एक नई वैक्सीन बाइलेंट ओरल पोलियो वैक्सीन (बीओपीवी) रविवार से दी जा रही है। इस अभियान से जुड़े डॉ़ हरेन्द्र श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि पहले 20 अतिसंवेदनशील जिलों में पांच वर्ष तक के करीब एक करोड़ 20 लाख बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए इस वैक्सीन का पहली बार प्रयोग किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications