मलेशिया में गिरजाघरों पर हमले जारी (लीड-1)
असामाजिक तत्वों ने सोमवार तड़के नेग्री सेमबिलयन प्रांत के सेरेनबेन इलाके में एक गिरजाघर को आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार हमलावरों ने गिरजाघर के मुख्य द्वार में आग लगा दी। प्रधानमंत्री नजीब तुन रज्जाक ने इस घटना की निंदा करते हुए इस देश की सामाजिक और धार्मिक परंपरा के खिलाफ बताया है।
गिरजाघरों पर हमले के संबंध में सरकार का कहना है कि यह कुछ असामाजिक तत्वों की करतूत है। सरकार इन घटनाओं से बेहद चिंतित है।
सरकार यहां स्थित विदेशी राजनयिकों को यह बता रही है कि यह घटना कुछ अराजक तत्वों की करतूत है जो देश के सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करना चाहते हैं। ऐसे तत्व पूरे मुस्लिम समुदाय को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
सरकार का कहना है कि ऐसी घटनाएं किसी भी सूरत में इस मुस्लिम बहुल बहु-नस्लीय राष्ट्र की परंपरा का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं।
सरकार की ओर से यह पहल ऐसे वक्त की गई है जब 130 मुस्लिम गैर-सरकारी संगठनों ने देश में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए ईसाई आस्था केंद्रों पर नजर रखने का आश्वासन दिया है।
उल्लेखनीय है कि मलेशिया में गिरजाघर पर पथराव की घटनाएं तब हुईं जब एक अदालत ने कैथलिक चर्च द्वारा प्रकाशित एक पत्रिका को अपने मास्टहेड में 'अल्लाह' शब्द का इस्तेमाल करने की छूट दे दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications