नेपाली माओवादियों ने भारत-विरोधी अभियान तेज किया
काठमांडू, 11 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय विदेश मंत्री एस.एम कृष्णा की प्रथम नेपाल यात्रा से पहले माओवादियों ने भारत-विरोधी अभियान तेज कर दिया है। माओवादियों ने भारत पर नेपाली भूभाग पर काबिज होने और नेपाल में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है।
कृष्णा के आधिकारिक दौरे को राजनीतिक तौर पर भुनाने के लिए माओवादी प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल प्रचंड ने सुदूर पश्चिमी नेपाल के कंचनपुर इलाके में एक विरोध रैली को संबोधित किया।
पश्चिमी नेपाल के टनकपुर में महाकाली नदी पर भारत द्वारा बांध बनाए जाने का माओवादियों की ओर से विरोध हो रहा है। माओवादियों का कहना है कि इस बांध से भारतीय इलाकों को लाभ होगा और नेपाल के हितों को नुकसान पहुंचेगा।
प्रचंड ने कहा कि उनकी पार्टी नेपाल की संप्रभुता को बचाने के लिए नया अभियान चलाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल की सरकार पर विदेशी ताकतों के हावी होने का आरोप लगाया।
प्रचंड और पूर्व वित्तमंत्री बाबूराम भट्टराई नवलपरासी इलाके में भी एक ऐसी ही रैली का नेतृत्व कर रहे हैं। नेपालियों का आरोप है कि भारतीयों ने एक नेपाली गांव सुस्ता में घुसपैठ कर रखी है।
एक और प्रभावशाली माओवादी नेता मोहन वैद्य किरण पूर्वी नेपाल के इलाम जिले के पशुपतिनगर इलाके में विरोध रैली का नेतृत्व कर रहे हैं। कृष्णा 15 जनवरी से नेपाल के तीन दिवसीय दौरे पर होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications