कोलंबिया सीमा पर टैंक तैनात करेगा वेनेजुएला
मेक्सिको, 11 जनवरी (आईएएनएस)। वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज ने कोलंबिया से लगी सीमा पर नए रूसी टैंक और लड़ाकू हेलीकॉप्टर तैनात करने की योजना की घोषणा की है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार कोलंबिया में मादक पदार्थो के सौदागरों के खिलाफ अमेरिकी सेनाओं को कार्रवाई की छूट वाले समझौते पर पिछले अगस्त में हस्ताक्षर के बाद से वेनेजुएला के अपने पड़ोसी देश से संबंध खराब हो गए थे।
शावेज ने समझौते की निंदा करते हुए वेनेजुएला के लोगों और सेना से एक युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा।
शावेज ने अपने साप्ताहिक टेलीविजन कार्यक्रम में रविवार को कहा कि रूस से टैंकों की पहली खेप आने की उम्मीद है, इसे बाराकस में मोटराइज्ड इंफैंट्री ब्रिगेड को मजबूत करने के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि रूस से आने वाले लड़ाकू हेलीकॉप्टरों को कोलंबिया से लगी सीमा पर तैनात किया जाएगा।
पिछले वर्ष सितम्बर में मास्को दौरे के दौरान शावेज ने अत्याधुनिक हथियारों की खरीद के लिए रूस से 2.2 अरब डॉलर का कर्ज हासिल करने में सफलता पाई थी। वर्ष 2005 से 2007 के दौरान दोनों देशों के बीच 4.4 अरब डॉलर मूल्य के 12 रक्षा सौदे हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications