ख़ुफ़िया तंत्र विफल रहा: ओबामा

राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने कहा कि संदिग्ध चरमपंथियों पर निगरानी रखने के उपायों को वे तुरंत मज़बूत करने के आदेश दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि क्रिसमस के दिन हुई घटना को किसी एक व्यक्ति की ग़लती न होकर सभी एजेंसियों के बीच कार्यप्रणाली की विफलता थी.
उल्लेखनीय है कि नाइजीरियाई युवक उमर फ़ारुक़ अब्दुलमुतल्लब ने एम्सटर्डम से डेट्रॉयट जा रहे विमान में विस्फोट करने की कोशिश की थी.
ज़िम्मेदारी
राष्ट्रपति ओबामा ने कहा कि अमरीकी प्रशासन के पास इस हमले को रोकने के लिए पर्याप्त सूचनाएँ थीं लेकिन वह तंत्र के इर्दगिर्द बिखरी पड़ीं थीं. उन्होंने कहा कि वे सुधार के जो आदेश दे रहे हैं उससे सूचनाओं का आकलन करने की क्षमता में सुधार होगा.
उन्होंने कहा, "इस घटना की समीक्षा करने से पता चलता है कि यह किसी एक व्यक्ति या संस्था की ग़लती नहीं थी बल्कि यह एजेंसियों और संस्थाओं के बीच एक पूरे तंत्र की विफलता थी."
उन्होंने कहा, "मेरी दिलचस्पी इसकी ग़लती किसी पर थोपने से ज़्यादा इससे सबक सीखने में है और ग़लती सुधारने में है जिससे कि हम ज़्यादा सुरक्षित हो सकें. आख़िरकार इसकी ज़िम्मेदारी मुझ पर है."
उनका कहना था, "राष्ट्रपति के रुप में यह मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं देश और लोगों की रक्षा करुँ और जब व्यवस्था विफल होती है तो यह मेरी ज़िम्मेदारी है."उल्लेखनीय है कि अमरीका की संदिग्ध चरमपंथियों की साढ़े पाँच लाख लोगों की सूची में अब्दुलमुतल्लब का नाम भी था.लेकिन उसका नाम ऐसी सूची में नहीं था जिससे उसे लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और उसे विमान में सवार होने से रोका जाए.
सुरक्षा के इंतज़ाम
राष्ट्रपति के संबोधन के बाद आंतरिक सुरक्षा मामलों की मंत्री जैनेट नैपोलिटैनो ने बताया है कि भविष्य में हमले रोकने के लिए किन-किन क्षेत्रों में तकनीक और जाँच की सुविधाएँ बढ़ाई जा रही हैं.
उन्होंने कहा कि विमानतलों पर सुरक्षा जाँच की सुविधा बढ़ाई जा रही है जिससे यह अनुमान लगाया जा सके कि चरमपंथी किन तरीक़ों से विस्फोटक विमान में लाने का प्रयास कर सकते हैं.उन्होंने कहा कि स्कैनिंग की नई तकनीक विकसित करने के काम में तेज़ी लाई जाएगी.
उनका कहना था कि दूसरे देशों के विमानतल पर सुरक्षा व्यवस्था और जाँच के उपकरणों में इज़ाफ़ा करने को प्रोत्साहित करना चाहिए.जैनेट नैपोलिटैनो ने विमानों में एयर मार्शल बढ़ाने की भी घोषणा की है.












Click it and Unblock the Notifications