श्रीनगरः लालचौक पर मुठभेड़ जारी, एक सैनिक की मौत

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच जारी मुठभेड़ में कम से कम एक पुलिसकर्मी के मारे जाने की ख़बर है. बताया जा रहा है कि गोलीबारी में दो लोग घायल भी हैं. इनमें एक पुलिसकर्मी और एक मीडिया चैनल का कैमरामैन है.
पुलिस ने बताया कि लालचौक के इलाके में चरमपंथियों ने हमला करने की कोशिश की. इनकी सुरक्षाबलों से मुठभेड़ चल रही है. अभी तक पुलिस यह नहीं बता सकी है कि हमले में कितने चरमपंथी शामिल हैं.
श्रीनगर के लालचौक इलाके में मुठभेड़ जारी है. इस पूरे इलाके को पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने अपने नियंत्रण में ले लिया है. हमलावरों ने पहले एक ग्रेनेड से हमला किया और उसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों की ओर से जवाबी कार्रवाई की जा रही है.
बताया जा रहा है कि हमलावर एक या उससे अधिक भी हो सकते हैं. ये एक स्थानीय होटल में घुस गए हैं और वहाँ से गोलीबारी कर रहे हैं. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है. वे कोशिश कर रहे हैं कि होटल में छिपे चरमपंथियों पर काबू पाया जा सके.
पाक प्रशासित कश्मीर में विस्फोट
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हुए एक बम धमाके में कम से कम तीन जवानों के मारे जाने की ख़बरें आ रही हैं. पुलिस के मुताबिक बुधवार की सुबह सात बजे के आसपास हुए इस धमाके में कम से कम 10 लोग घायल हो गए हैं.
यह धमाका सेना के एक बैरक के पास हुआ है. पुलिस ने बताया है कि यह बैरक भारत और पाकिस्तान के बीच स्थित नियंत्रण रेखा के क़रीब ही है. तरार खल का यह इलाका पाकिस्तान द्वारा प्रशासित कश्मीर के हिस्से में आता है.
अधिकारियों ने बताया है कि घायलों और मृतकों को बैरक से निकालकर सेना के अस्पताल ले जाया गया है. हालांकि अभी तक इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है कि धमाके की क्या वजहें थीं.












Click it and Unblock the Notifications